Dharamshala, Rahul-:जिला मुख्यालय धर्मशाला के समीप स्थित प्रसिद्ध कुनाल पत्थरी मंदिर समिति में नए सिरे से चुनाव करवाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत समिति की सदस्यता को 30 दिसंबर तक के लिए खोल दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि सदस्यता प्रक्रिया पूरी होते ही आने वाले वर्ष के जनवरी माह में मंदिर समिति की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।
सोमवार को मंदिर सभागार में समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से अगले पंद्रह दिनों तक सदस्यता खोलने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के बाद सकोह, नरघोटा और सराह पंचायतों के निवासी मंदिर समिति के आजीवन सदस्य बन सकेंगे।
कमेटी की राशि में हुआ बड़ा इज़ाफ़ा
समिति सदस्य भूपिंद्र सिंह ने बताया कि बैठक में लगभग 75 फीसदी सदस्य उपस्थित रहे और युवाओं ने भी सक्रियता दिखाई। उनका कहना था कि बंद पड़ी सदस्यता को दोबारा खोला जाए और चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएं। उन्होंने बताया कि पुरानी कमेटी को विरासत में करीब साढ़े तीन लाख रुपये मिले थे, जबकि बीते छह–सात वर्षों में समिति ने बेहतर प्रबंधन के चलते इसे बढ़ाकर लगभग 80 लाख रुपये तक पहुंचा दिया है।
30 दिसंबर तक इच्छुक लोग 1100 रुपये शुल्क देकर आजीवन सदस्यता हासिल कर सकते हैं। इसके बाद समिति कार्यालय मतदाता सूची तैयार करेगा जिसे एसडीएम धर्मशाला से अनुमोदन मिलने के उपरांत चुनाव तिथि घोषित की जाएगी।
समिति में राजनीति से ऊपर आस्था को प्राथमिकता
समिति सदस्य सुषमा रंधावा ने कहा कि चिन्हित क्षेत्र के लोगों को सदस्यता देने के बाद ही चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कार्यकारिणी में कुल सात सदस्य चुने जाते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि नई बन रही कार्यकारिणी निष्पक्षता और सौहार्द के साथ कार्य करे, क्योंकि मंदिर आस्था का केंद्र है और इसमें राजनीति की जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समिति की नई टीम श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर के विकास को प्राथमिकता दे।
