Hamirpur, Arvind-:हमीरपुर में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य पर जिला स्तरीय समारोह 25 जनवरी को बचत भवन में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गंधर्वा राठौड़ ने सोमवार को निर्वाचन विभाग, विभिन्न विभागों तथा शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना 25 जनवरी 1950 को हुई थी और इसी दिन को वर्ष 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष आयोग के स्थापना के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा “माई इंडिया, माई वोट – सिटीजन एट द हार्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी” थीम निर्धारित की गई है।
गंधर्वा राठौड़ ने सभी संबंधित विभागों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि इसी थीम को केंद्र में रखते हुए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम तैयार किए जाएं। उन्होंने कहा कि समारोह में विशेष रूप से नए और युवा मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जा सके।
समारोह के दौरान उपस्थित मतदाताओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए जाएंगे। उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम के अतिरिक्त उपमंडल स्तर तथा प्रत्येक मतदान केंद्र पर भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोकतंत्र में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। जिला प्रशासन इसके लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगा।
TAGGED:
Hamirpur DC
Chandrika
