Shimla, Sanju-:शिमला शहर में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और चरमराती ट्रैफिक प्रणाली को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा जिला शिमला के अध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि बीते कई महीनों से शिमला में चोरी, डकैती, आगजनी, गुंडागर्दी और शरारत की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है, लेकिन सरकार और पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं।
केशव चौहान ने कहा कि शहर में लगभग हर दिन आपराधिक घटनाओं से जुड़ी शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम जनता में डर और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने बताया कि करीब छह महीने पहले ढिंगूधार क्षेत्र में 23 गाड़ियों के शीशे तोड़े गए थे। इसके बाद उसी क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई, जहां गांव में शादी समारोह के दौरान शर्मा निवास में लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ और आरोपी फरार हो गए।उन्होंने आगे बताया कि ढली टनल के पास पुलिस घूमटी सहित दो गरीब लोगों की सब्जी की दुकानों को रात के समय आग के हवाले कर दिया गया। संजौली चौक क्षेत्र में युवकों द्वारा पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई थी। वहीं हाल ही में संजौली में 20 वर्षों से सब्जी का व्यवसाय कर रहे स्थानीय व्यापारी नीटू भाई की दुकान में भी अज्ञात शरारती तत्वों ने आग लगा दी, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।केशव चौहान ने कहा कि संजौली में पुलिस थाना खोलने के बावजूद हालात सुधरने के बजाय और ज्यादा बिगड़े हैं। इसी तरह शिमला शहर के लगभग सभी वार्डों में ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि शहर के हर वार्ड में दिन-रात पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने ट्रैफिक जाम की समस्या पर भी चिंता जताई और कहा कि कई इलाकों में घंटों जाम लगना आम हो गया है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही हर वार्ड और कस्बे में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेगी।
TAGGED:
Shimla district BJP president
Chandrika
