Nurpur, Sanjeev-:हिमाचल प्रदेश सरकार की “अपना विद्यालय” (Himachal Pradesh School Adoption Programme) योजना के अंतर्गत तहसीलदार नूरपुर राधिका सैनी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोंटा को गोद लिया। इस अवसर पर यशपिंदर सिंह, भूषण शर्मा, एसएमसी प्रधान राजेश शर्मा, एसएमसी कमेटी के सदस्य तथा पाठशाला के अध्यापकगण उपस्थित रहे।
तहसीलदार राधिका सैनी ने विद्यालय परिसर का गहन निरीक्षण किया और स्कूल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर समस्या विद्यालय परिसर में पानी की निकासी न होने को लेकर सामने आई। परिसर में जमा पानी स्कूल भवन के लिए खतरा बनता जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों व अध्यापकों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।इसके अतिरिक्त विद्यालय में अंग्रेजी प्रवक्ता का पद पिछले दो वर्षों से रिक्त चल रहा है, जिसके कारण छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि विद्यालय परिसर में लगे सफेदा के ऊंचे पेड़ भवन की सुरक्षा के लिए जोखिम बने हुए हैं। तेज हवा या तूफान के समय किसी भी अनहोनी की आशंका बनी रहती है।तहसीलदार राधिका सैनी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
