Dharamshala, Rahul-:धर्मशाला के वार्ड नंबर 8 स्थित कंपनी बाग सकोह क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब कुणाल पथरी रोड के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
मामले की जानकारी देते हुए एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक एक पुरुष प्रतीत हो रहा है, जिसकी उम्र लगभग 50 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया गया है।
एएसपी बीर बहादुर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात शव मिलने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि यदि मृतक की पहचान हो जाती है और कोई परिजन सामने आता है, तो शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। अन्यथा, नियमानुसार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
