हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर नगर निगम द्वारा लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक नए बस स्टैंड के निर्माण के बाद, शहर के वर्तमान बस स्टैंड को एक भव्य बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इस कॉम्प्लेक्स में शॉपिंग मॉल, ऑडिटोरियम, पार्किंग सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
नगर निगम इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए व्यापक योजना तैयार कर रहा है। योजना के तहत पहले वर्तमान बस स्टैंड की भूमि को शहरी विकास विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा। नए बस स्टैंड का निर्माण कार्य पूर्ण होते ही उसी स्थान पर बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू किया जाएगा।नगर निगम आयुक्त राकेश शर्मा ने बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से योजना का खाका तैयार किया गया है। इसमें शहरवासियों, व्यापारियों तथा प्रतिदिन बाहर से आने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रावधान शामिल किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र को एक आधुनिक सिटी सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, ताकि शहर के बीचों-बीच लोगों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
