कांगड़ा, संजीव -:नूरपुर में नगर परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। खासतौर पर वार्ड नंबर-2 इस बार सबसे चर्चित सीट बनकर उभरा है, जहां चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है। पहली बार चुनाव मैदान में उतरी प्रत्याशी राखी महाजन लगातार जनसंपर्क अभियान में जुटी हुई हैं और विकास, स्वच्छता तथा मूलभूत सुविधाओं को लेकर जनता के बीच अपनी बात रख रही हैं।
राखी महाजन ने वार्ड में किए गए विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पिछले वर्षों में सही तरीके से काम हुआ होता तो बड़े नेताओं और चेहरों को प्रचार के लिए मैदान में उतरने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने आरोप लगाया कि कई योजनाएं केवल घोषणाओं और भाषणों तक सीमित रहीं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पाईं।वार्ड नंबर-2 में चुनाव प्रचार अब पूरी तरह तेज हो चुका है। घर-घर संपर्क, नुक्कड़ बैठकों और पोस्टर प्रचार के जरिए प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। राखी महाजन के समर्थकों का दावा है कि इस बार जनता बदलाव के मूड में है और वार्ड में नई सोच के साथ विकास चाहती है।चुनावी माहौल के बीच वार्ड में स्वच्छता, सड़कें, पेयजल और स्थानीय समस्याएं प्रमुख मुद्दे बनकर सामने आ रही हैं। आने वाले दिनों में यह मुकाबला और भी रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।
Chandrika
