हमीरपुर ,अरविंद -:हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने प्रदेश सरकार की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के तीन साल के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की गई है, जिसके चलते अब तक 10,357 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
नरेश ठाकुर ने बताया कि सरकार की सख्ती का ही परिणाम है कि प्रदेश में बड़े स्तर पर नशा तस्करी करने वाले 176 बड़े तस्कर जेल पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 6,811 मामले दर्ज किए गए हैं, जो पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल की तुलना में 33.18 प्रतिशत अधिक हैं। इन मामलों में पुलिस और विशेष जांच एजेंसियों ने अब तक 45,864 किलोग्राम से अधिक नशीली सामग्री बरामद की है। उन्होंने इसे प्रदेश में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बताया।
पत्रकार वार्ता के दौरान नरेश ठाकुर ने बताया कि एसटीएफ द्वारा नशा तस्करी से जुड़े 300 वित्तीय मामलों की निगरानी की गई। इनमें से 76 मामलों में अवैध संपत्ति से जुड़े केस दर्ज किए गए, जबकि 13 अवैध संपत्तियों को नियमों के तहत ध्वस्त भी किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी आर्थिक गतिविधियों और अवैध संपत्तियों पर भी कड़ा प्रहार कर रही है।उन्होंने यह भी बताया कि नशीले पदार्थों के मामलों में संलिप्त पाए जाने पर अब तक 23 सरकारी कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो।इस दौरान नरेश ठाकुर ने पूर्व भाजपा सरकार के समय राज्य नशा निवारण बोर्ड के कन्वीनर रहे ओ पी शर्मा के बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कन्वीनर की नियुक्ति करना उनका विशेषाधिकार है और इस मुद्दे पर राजनीति करना उचित नहीं है।उन्होंने सवाल उठाया कि पूर्व कार्यकाल में नशा रोकथाम के लिए कितनी बैठकें आयोजित हुईं और कौन-कौन से बड़े अभियान चलाए गए। नरेश ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार हर जिले में जागरूकता कार्यक्रम चला रही है और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए लगातार अभियान संचालित किए जा रहे है।
TAGGED:
Hamirpur Police big campaign
Chandrika
