देहरा,गुलशन धनोहा -: संसारपुर टैरेस बस डिपो के सुचारू संचालन और क्षेत्र में बंद किए गए एचआरटीसी बस रूटों को बहाल करने की मांग को लेकर भाजपा ने बुधवार को देहरा में विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री एवं जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि संसारपुर टैरेस बस डिपो का अपेक्षित स्तर पर संचालन नहीं हो रहा है, जबकि क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण एचआरटीसी बस रूट बंद किए जाने से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन लोगों की दैनिक जरूरत का महत्वपूर्ण साधन है। बस सेवाएं प्रभावित होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, किसानों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।विक्रम ठाकुर ने कहा कि सरकार को जनहित से जुड़े परिवहन व्यवस्था के मुद्दे पर गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि संसारपुर टैरेस बस डिपो को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए और जिन एचआरटीसी रूटों को बंद किया गया है, उन्हें जल्द से जल्द बहाल किया जाए।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं की कमी का सीधा असर लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है। विशेषकर विद्यार्थियों और कर्मचारियों को समय पर अपने शिक्षण संस्थानों और कार्यस्थलों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार को क्षेत्र की परिवहन समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई और मांग की कि बंद बस सेवाओं को तत्काल बहाल कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।रोष रैली में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि परिवहन व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो पार्टी जनहित के मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखेगी।
