ऊना, राकेश-:हरोली विधानसभा क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र पंडोगा स्थित हिंदुस्तान फार्मडायरेक्ट इंग्रीडिएंट्स प्राइवेट लिमिटेड में रविवार को स्वदेशी जागरण मंच के ‘मैं भी स्वदेशी समर्थक’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।कंपनी के एमडी पुनीत मोदगिल ने कर्मचारियों को अभियान की सदस्यता दिलाई और उन्हें अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी स्वदेशी अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक प्रशिक्षक सत्यदेव शर्मा सहोड़ ने कहा कि मंच द्वारा देशभर में ‘मैं भी स्वदेशी समर्थक’ अभियान चलाया जा रहा है। ऊना जिले में भी अभियान को गति देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को इससे जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक अपनी भूमिका निभा सकता है।उन्होंने बताया कि विश्व उद्यमिता पखवाड़े के तहत युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें अन्य लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के जिला प्रचार प्रमुख पंकज सहोड़, अमित धीमान, पंकज जसवाल, जगमोहन चंदेल, प्रवेश ठाकुर, मनदीप जसवाल, रजनीश कुमार, मनोज कुमार, मयंक जसवाल, शिव कुमार, शुनम और रजत कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

