देहरा -:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को कांगड़ा जिले के देहरा विधानसभा क्षेत्र के बड्डल थोर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से देहरा में प्रदेश की पहली ओजोन आधारित पेयजल उपचार परियोजना स्थापित की जा रही है। इस परियोजना पर करीब 46 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूषित पानी के सेवन से विभिन्न प्रकार की बीमारियों का खतरा रहता है। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता प्रदेशवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि देहरा में ओजोन आधारित जल उपचार परियोजना के सफल क्रियान्वयन के बाद भविष्य में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी।क्षेत्र में पशु चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने बड्डल थोर में पशु चिकित्सालय खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है।सुक्खू ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए पंचायत स्तर पर सर्वेक्षण किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई पहल की हैं। युवाओं और महिला मंडलों को पौधरोपण तथा वन संरक्षण से जोड़ने के लिए राजीव गांधी वन संवर्धन योजना लागू की गई है। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों को 1.20 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है।मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सीबीएसई स्कूल खोले गए हैं और भविष्य में इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि देहरा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी।इससे पहले बड्डल थोर हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बाद में उन्होंने चनौर स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

