संजीव महाजन, नूरपुर-:हिमाचल प्रदेश के राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत प्रकाश नेगी देर शाम नूरपुर पहुंचे, जहां पूर्व विधायक अजय महाजन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से जुड़े प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री के समक्ष स्थानीय समस्याएं और जनहित से जुड़े कई मुद्दे रखे।कार्यक्रम के दौरान राजस्व एवं बागवानी मंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं, राजस्व मामलों और कानून से जुड़े प्रावधानों को लेकर उपस्थित लोगों के साथ चर्चा की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को लाभ पहुंचाना है, लेकिन इसके लिए ग्रामीण स्तर तक योजनाओं की सही जानकारी पहुंचना जरूरी है।
मंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके लिए निर्धारित पात्रता की जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने मनरेगा, प्लांटेशन सहित अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र परिवारों को इनका लाभ दिलाने के लिए जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।जगत प्रकाश नेगी ने जमीन से जुड़े मामलों पर भी जानकारी साझा की। उन्होंने किन्नौर का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां करीब 900 परिवारों को पट्टे दिलाने का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास अपनी जमीन नहीं है, उनके लिए भी सरकार के नियमों के तहत निर्धारित प्रावधान मौजूद हैं।उन्होंने राजस्व मामलों के निपटारे में नियमों का पालन करने और लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने पर भी जोर दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा, जिन पर उन्होंने नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम में नूरपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदेश डडवाल, योगेश महाजन, नगर परिषद प्रधान नीति महाजन सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
