हमीरपुर, अरविंद-: भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इंस्पायर मानक योजना के तहत विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। योजना के अंतर्गत ऑनलाइन नामांकन और नए विचारों को पोर्टल पर दर्ज करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अक्टूबर कर दी गई है। इससे जिले के उन विद्यार्थियों को भी अपने नवाचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, जो निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाए थे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई थी।
जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने बताया कि हमीरपुर जिले के विद्यार्थियों में विज्ञान, तकनीक और नवाचार को लेकर लगातार उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक जिले के 477 विद्यार्थियों का पोर्टल पर पंजीकरण किया जा चुका है। इन विद्यार्थियों की ओर से 795 नए विचार और नवाचार सफलतापूर्वक अपलोड किए गए हैं।उन्होंने बताया कि इंस्पायर मानक योजना में जिले के करीब 250 विद्यालय सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जबकि अभी भी कुछ विद्यालयों से विद्यार्थियों के नामांकन और नवाचारों की जानकारी आना बाकी है। ऐसे में आवेदन की समयसीमा बढ़ने से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने का अवसर मिलेगा।राजेश गौतम ने जिले के सभी विद्यालय प्रमुखों, विज्ञान अध्यापकों और मार्गदर्शक शिक्षकों से अपील की है कि वे विद्यार्थियों को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानने और उनके समाधान के लिए नए एवं उपयोगी विचार विकसित करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के छोटे-छोटे अभिनव विचार भविष्य में उपयोगी तकनीकी समाधान का रूप ले सकते हैं।उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए इस बार भी हमीरपुर को प्रदेश में अग्रणी बनाए रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग ने इस वर्ष जिले से 1,000 से अधिक विचार दर्ज कराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विद्यालय स्तर पर जागरूकता और विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
