हमीरपुर, अरविंद- :जिला हमीरपुर के बमसन विकास खंड के ऊहल क्षेत्र में कथित तौर पर विकास कार्यों की अनदेखी के विरोध में भाजपा बमसन मंडल ने शुक्रवार को रोष प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने टौणीदेवी अस्पताल चौक से ऊहल चौक तक रोष रैली निकाली और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद तहसीलदार के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर क्षेत्र की समस्याओं और लंबित विकास कार्यों को लेकर हस्तक्षेप की मांग की गई।प्रदर्शन में भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजिंदर राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके अलावा सुजानपुर भाजपा मीडिया प्रभारी नरेंद्र ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष अर्चना चौहान, जिला परिषद सदस्य आशा देवी, मंजीत धीमान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर राजिंदर राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पहले से चल रहे कई कार्यों को कथित तौर पर बंद कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने ऊहल में आईटीआई भवन के निर्माण कार्य, सुजानपुर-ऊहल सड़क तथा ऊहल-गुब्बर सड़क की स्थिति का मुद्दा उठाया।राणा ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर प्रशासन से पहले भी आग्रह किया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से प्रदर्शन किया गया है और राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए विकास संबंधी वादों को पूरा नहीं किया है। उन्होंने सरकार से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करने और सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति सुधारने की मांग की।इस दौरान राणा ने कांग्रेस के कुछ नेताओं के दिल्ली दौरे को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से हुई मुलाकातों के दौरान प्रदेश के एक नेता की कार्यप्रणाली को लेकर कथित रूप से टिप्पणी की गई। राणा ने अंग्रेजी में कथित टिप्पणी, “He is the most stupid person as he acts”, का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए। हालांकि, इस कथित टिप्पणी की स्वतंत्र पुष्टि प्रस्तुत नहीं की गई।भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की लंबित समस्याओं और विकास कार्यों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

