चिंतपूर्णी, विकास -: प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में सोमवार सुबह पंजाब के मुकेरियां से पहुंचे एक श्रद्धालु दंपति ने मां की पावन पिंडी पर 750 ग्राम चांदी का भव्य छत्र अर्पित किया। श्रद्धालुओं ने यह भेंट अपनी एक पुरानी मनोकामना पूरी होने के बाद मां के चरणों में श्रद्धा स्वरूप समर्पित की।मंदिर में पहुंचने के बाद पुजारी वर्ग ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ चांदी के छत्र की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई। धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न होने के बाद छत्र को माता की पावन पिंडी पर स्थापित किया गया। चांदी से निर्मित यह आकर्षक छत्र अपनी सुंदर कारीगरी और नक्काशी के कारण पिंडी पर बेहद मनमोहक दिखाई दे रहा है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार छत्र का वजन करीब 750 ग्राम है। बाजार में चांदी के मौजूदा भाव के आधार पर इसकी अनुमानित कीमत करीब 65 हजार से 70 हजार रुपये बताई जा रही है। इसमें छत्र पर की गई विशेष नक्काशी और कारीगरी की लागत अलग से शामिल है।मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने बताया कि श्रद्धालु दंपति ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने का आग्रह किया है। उन्होंने केवल इतना बताया कि मनोकामना पूरी होने के बाद उन्होंने माता के प्रति आस्था और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए यह भेंट अर्पित की।माता चिंतपूर्णी के दरबार में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं द्वारा समय-समय पर सोने-चांदी सहित विभिन्न बहुमूल्य वस्तुएं माता के चरणों में अर्पित की जाती हैं।
