चिंतपूर्णी,विकास-:चिंतपूर्णी मंदिर में देशभर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठने लगी है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनोद शर्मा ने मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं को पेश आ रही समस्याओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने का आग्रह किया है।विनोद शर्मा ने कहा कि चिंतपूर्णी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन कई स्थानों पर पीने के पानी, शौचालय और बैठने जैसी बुनियादी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की समस्याओं और मंदिर क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री तथा राज्यपाल को पत्र भेजा गया है। उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन और भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाए।इसके अलावा उन्होंने किन्नू-पपलेहड़ा मार्ग पर क्षतिग्रस्त की गई शिलान्यास पट्टिका को दोबारा स्थापित करने की मांग भी उठाई। शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक विकास कार्यों से संबंधित पट्टिकाओं को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है और ऐसे मामलों में प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।उन्होंने प्रसाद योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों में सामने आ रही कमियों को शीघ्र दूर करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने का भी आग्रह किया, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
