हमीरपुर, अरविंद- प्रदेश भाजपा कार्य समिति की दो दिवसीय संघ कार्यशाला टिप्पर में आयोजित हुई। कार्यशाला में प्रदेशभर के 171 मंडलों से विस्तारकों ने भाग लिया। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये विस्तारक अपने-अपने मंडलों में जाकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे। भाजपा अब मंडल स्तर पर चुनावी तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।जिला भाजपा मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य संगठन को बूथ और मंडल स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है और आने वाले समय में कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बन्याल ने भोरंज क्षेत्र के विकास का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को देते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़कों के विस्तार सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य भाजपा शासनकाल में हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास के बजाय जनता को गुमराह करने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने एसआईआर को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मुद्दे पर लोगों के बीच भ्रम फैलाया जा रहा है। बन्याल ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए मामले दर्ज करने की राजनीति कर रही है। उनका कहना था कि हमीरपुर के विधायक द्वारा भ्रष्टाचार को लेकर सवाल उठाने पर देर रात थाने में मामला दर्ज किया जाना इसी का उदाहरण है।उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज से लेकर हिमाचल में रेलवे विस्तार तक कई बड़े प्रोजेक्ट भाजपा सरकारों की देन हैं। सांसद अनुराग ठाकुर और जगत प्रकाश नड्डा ने भी क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि केवल बस स्टैंड के निर्माण को विकास का पैमाना नहीं माना जा सकता, जनता प्रदेश में हुए विकास का आकलन स्वयं कर रही है।

