चंबा, मंजूर पठान-:राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने चमेरा-दो विद्युत परियोजना का दौरा कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग बच्चों के लिए मोबाइल थेरेपी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर में करीब 15 लाख रुपये की लागत से विकसित सुविधाओं का उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने राख गांव में सुरक्षा एवं संरक्षण संबंधी कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की। बग्गा गांव में सड़क निर्माण और चमेरा-दो परियोजना परिसर में विकसित इरावती वाटिका का भी उद्घाटन किया गया।
दौरे के दौरान सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं थेरेपी सेवाएं उपलब्ध करवाने और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
दिव्यांग बच्चों को घर के नजदीक मिलेगी थेरेपी सुविधा
हर्ष महाजन ने दिव्यांग बच्चों के लिए शुरू की गई मोबाइल थेरेपी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले दिव्यांग बच्चों को उनके घर के नजदीक आवश्यक थेरेपी सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इससे बच्चों और उनके परिवारों को उपचार एवं थेरेपी के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।इसके साथ ही सांसद ने पैराडाइज चिल्ड्रन केयर सेंटर में करीब 15 लाख रुपये की लागत से विकसित बुनियादी सुविधाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के लिए बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
राख गांव के विकास पर खर्च होंगे एक करोड़ रुपये
दौरे के दौरान सांसद ने राख गांव की स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े विकास कार्यों के लिए करीब एक करोड़ रुपये की घोषणा की। इन कार्यों से गांव में सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।वहीं, बग्गा गांव में सड़क निर्माण को लेकर भी घोषणा की गई। सड़क सुविधा बेहतर होने से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
सीएसआर कार्यों की समीक्षा, जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने पर जोर
राज्यसभा सांसद के दौरे के दौरान सीएसआर के तहत चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न कार्यों की जानकारी साझा की। विशेष रूप से राख गांव की आवश्यकताओं, सुरक्षा एवं संरक्षण संबंधी प्रस्तावों और उनकी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
हर्ष महाजन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएसआर के तहत संचालित विकास कार्यों का लाभ वास्तविक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाएं बनाते समय स्थानीय परिस्थितियों और ग्रामीणों की प्राथमिक जरूरतों को ध्यान में रखना आवश्यक है।
इरावती वाटिका का उद्घाटन, पर्यावरण संरक्षण पर बल
दौरे के दौरान हर्ष महाजन ने चमेरा-दो विद्युत परियोजना परिसर में विकसित इरावती वाटिका का उद्घाटन भी किया। उन्होंने परियोजना क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने,
पौधरोपण को प्रोत्साहित करने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।
सांसद ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता होनी चाहिए। विकास कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनसे स्थानीय लोगों की वास्तविक समस्याओं का समाधान होना चाहिए।चमेरा-दो परियोजना के दौरे के दौरान दिव्यांग बच्चों के लिए मोबाइल थेरेपी सुविधा की शुरुआत, चिल्ड्रन केयर सेंटर में सुविधाओं का उद्घाटन और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सुरक्षा एवं आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों की घोषणाएं की गईं। इन पहलों से क्षेत्र में सामाजिक कल्याण और ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
