चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग उठाई, केंद्र सरकार पर लगाए लोकतंत्र कमजोर करने के आरोप
हमीरपुर,अरविंद-: गांधी चौक हमीरपुर में शनिवार सुबह ब्लॉक कांग्रेस की ओर से वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया।इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू भी विशेष रूप से शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग दोहराते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा का मुद्दा उठाया।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा को कमजोर कर रही है और मनमाने फैसले लेकर संवैधानिक व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों को भुलाया नहीं जा सकता।
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में छात्रों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को उनके घरों में घुसकर पीटा गया और अलोकतांत्रिक तरीके से नजरबंद किया गया। साथ ही रेलवे और परिवहन सेवाएं बंद किए जाने का भी जिक्र किया। कांग्रेस ने इन घटनाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए चिंताजनक बताते हुए केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार लोकतंत्र के खिलाफ हो रही गतिविधियों के विरुद्ध आवाज उठा रहे हैं और कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को बचाने के लिए मजबूती से संघर्ष कर रही है।प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग उठाई।
