शिमला-:बीसीसीआई महिला अंडर-23 टी-20 एलीट ट्रॉफी 2026-27 के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने अपनी 16 सदस्यीय महिला टीम की घोषणा कर दी है। युवा खिलाड़ियों से सजी इस टीम की अगुवाई अंशिका ठाकुर करेंगी। प्रतियोगिता में हिमाचल की टीम बेहतर प्रदर्शन के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम का पहला मुकाबला 14 नवंबर को ओडिशा के साथ होगा। टूर्नामेंट के सभी लीग मैच गुजरात के राजकोट में आयोजित किए जाएंगे। एचपीसीए सचिव मनुज शर्मा ने टीम की घोषणा की।
एचपीसीए की ओर से जारी टीम में प्रदेश के विभिन्न जिलों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जगह दी गई है। बिलासपुर से इशानी दास और खुशी चौहान, चंबा से हिमानी शर्मा और तवीश बाला, हमीरपुर से सुहाना सैनी, कांगड़ा से अहाना शर्मा और धन्या लक्ष्मी को चुना गया है। इसके अलावा कुल्लू से कप्तान अंशिका ठाकुर, मंडी से साक्षी, शिमला से अनाहिता दिग्विजय सिंह, अंशिका सिंह सैनी, देवांशी वर्मा और मनीषा टीम का हिस्सा होंगी।सिरमौर से पारखी ठाकुर, सोलन से कनुप्रिया और ऊना से अनशिता सैंडल को भी टीम में शामिल किया गया है।
अनुभवी कोचिंग स्टाफ को सौंपी जिम्मेदारी
खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन और तैयारी के लिए एचपीसीए ने कोचिंग स्टाफ भी नियुक्त किया है। अनघा देशपांडे मुख्य कोच की भूमिका निभाएंगी, जबकि वरुण शर्मा बल्लेबाजी कोच और सनी भट्ट सहायक कोच होंगे। मनीषा को फिजियो, प्रीति रानी को स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच, आशुतोष पांडे को वीडियो एनालिस्ट, सोनाली ठाकुर को मसाज थेरेपिस्ट और शिव कपूर को टीम मैनेजर की जिम्मेदारी दी गई है।
पांच मुकाबलों में होगी कड़ी चुनौती
हिमाचल की टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को ओडिशा के खिलाफ करेगी। इसके बाद 15 नवंबर को मुंबई, 17 नवंबर को त्रिपुरा, 19 नवंबर को असम और 21 नवंबर को आंध्र प्रदेश से भिड़ेगी। सभी मुकाबले टी-20 प्रारूप में खेले जाएंगे।प्रतियोगिता हिमाचल की युवा महिला क्रिकेटरों के लिए अपनी खेल प्रतिभा और क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण मंच होगी। टीम प्रबंधन को खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। प्रदेश की निगाहें अब इस बात पर रहेंगी कि युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और सामूहिक प्रदर्शन के दम पर टूर्नामेंट में कितनी सफलता हासिल करती हैं।
