मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों को मिली इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, सुनील शर्मा बिट्टू ने किया शुभारंभ
जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज तक आसान होगा सफर, एलाइड हेल्थ इंस्टीट्यूट की कक्षाएं भी अब यहीं लगेंगी
Summer express/हमीरपुर, अरविंद- डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज जोलसप्पड़ में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। छात्रों की सहूलियत के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया। इसके साथ ही एलाइड हेल्थ इंस्टीट्यूट की कक्षाएं भी अब जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज परिसर में ही संचालित होंगी।
इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रदेश सरकार की विकासात्मक योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आम जनता की समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि शहर में खोखाधारकों की परेशानी को समझते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें दोबारा खोखे उपलब्ध करवाए हैं। सिटी सेंटर परियोजना के निर्माण के दौरान भी किसी व्यक्ति के रोजगार को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार विकास के साथ-साथ लोगों की आजीविका का भी ध्यान रख रही है।
विकास कार्यों को लेकर राजेंद्र राणा पर निशाना
सुनील शर्मा बिट्टू ने भाजपा के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ नेता बिना तथ्यों के बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि सरकार का ध्यान विकास कार्यों पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा को अपनी राजनीति करने दीजिए और मुख्यमंत्री को प्रदेश के विकास के लिए काम करने दीजिए। हमीरपुर की जनता खुद तय करेगी कि वह विकास के साथ है या केवल बयानबाजी करने वालों के साथ।उन्होंने कहा कि हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज, बस अड्डा, आयुर्वेदिक कॉलेज, साइंस कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और गर्ल्स हॉस्टल जैसी परियोजनाएं विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। नगर निगम के माध्यम से भी कई विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार आने वाले समय में भी विकास की गति को आगे बढ़ाती रहेगी।
