भरेड़ी बाजार में स्थानीय लोगों ने किया जोरदार स्वागत, सांसद ने सुनीं जनसमस्याएं और समाधान का दिया भरोसा
हमीरपुर, अरविंद–। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन बैलग से तत्ताहर सड़क का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने सड़क निर्माण के चलते सामने आ रही विभिन्न समस्याओं और असुविधाओं को सांसद के समक्ष उठाया। अनुराग ठाकुर ने क्षेत्रवासियों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
अनुराग ठाकु ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता के साथ कोई समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय निवासियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। लोगों की उचित मांगों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।इसके बाद अनुराग सिंह ठाकुर भरेड़ी बाजार पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने बाजार के लोगों और क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया तथा उनकी विभिन्न जनसमस्याओं को सुना। कई मामलों में उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर ही बातचीत कर समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।सांसद ने लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है।इसके पश्चात अनुराग सिंह ठाकुर जिला बिलासपुर में निर्धारित आगामी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।
