राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। इसको लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। डलहौजी से भाजपा विधायक डीएस ठाकुर ने आरोप लगाया कि नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर ही भारी मतभेद हैं। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भी इस मुद्दे पर एकराय नहीं बन पाई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सत्तारूढ़ दल के विधायक ही नए जिले बनाने को लेकर सहमत नहीं हैं तो सरकार जनता की मांग कैसे पूरी करेगी।
डीएस ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायक नए जिलों के गठन के समर्थन में हैं, जबकि कुछ इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में सरकार की मंशा पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि नए जिलों का गठन केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सरकार को इस दिशा में ठोस निर्णय लेना चाहिए।
भाजपा विधायक ने प्रदेश सरकार के चार साल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा के विभिन्न सत्रों में उन्होंने करीब 150 सवाल उठाए, जिनके जवाब सरकार की ओर से जरूर दिए गए, लेकिन धरातल पर एक प्रतिशत भी काम नजर नहीं आया। उनका आरोप है कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धनराशि नहीं है और प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है।डीएस ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में ठेकेदारों, मजदूरों और ट्रांसपोर्टरों के करोड़ों रुपये के भुगतान लंबित हैं। सरकार समय पर देनदारियां चुकाने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने वन विभाग में कार्यरत महिला मजदूरों का मामला उठाते हुए कहा कि इनमें अधिकतर गरीब और विधवा महिलाएं हैं, जिन्हें पिछले दो वर्षों से मेहनताना नहीं मिला है। इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष भी उठाया गया और भुगतान के लिए बिल तक तैयार किए गए, लेकिन इसके बावजूद महिलाओं को उनकी मेहनत की कमाई नहीं मिल पाई।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम लोगों और छोटे कामगारों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। वहीं, विधायकों को मिलने वाली विधायक क्षेत्र विकास निधि भी पिछले छह महीनों से जारी नहीं हुई है। इसके कारण ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विधायक अपने क्षेत्रों में जरूरी विकास कार्यों के लिए ही धनराशि खर्च नहीं कर पा रहे हैं तो सरकार के विकास के दावों की वास्तविकता समझी जा सकती है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर डीएस ठाकुर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के कामकाज से निराश है और वर्ष 2027 के चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने भविष्यवाणी की कि चुनाव में भाजपा 60 सीटों पर जीत दर्ज करेगी, जबकि कांग्रेस महज 8 सीटों पर सिमट जाएगी।उन्होंने पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि जिला परिषद, पंचायतों और बीडीसी के चुनाव परिणामों से जनता का रुझान स्पष्ट हो चुका है और प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल बन रहा है।अंत में डीएस ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार जनता की भावनाओं के अनुरूप नए जिलों के गठन का फैसला नहीं करती है तो प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर जनता की इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
