ऊना, राकेश- हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी के सेना को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में मंगलवार को ऊना में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के साथ-साथ इस्तीफे की मांग उठाई।प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को पुतला फूंकने से रोकने के लिए प्रयास किए, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुलिस की रोक को दरकिनार करते हुए पुतला दहन कर विरोध दर्ज करवाया।
प्रदर्शन में युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना देश के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। सेना को राजनीतिक बहस का हिस्सा बनाना उचित नहीं है।
नेताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों को विकास और नीतियों के मुद्दों पर एक-दूसरे का विरोध करना चाहिए, लेकिन सेना जैसी संवेदनशील संस्था पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए।युवा मोर्चा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा में मंत्री द्वारा सेना को लेकर दिया गया बयान सैनिकों और सेना का सम्मान करने वाले नागरिकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने कहा कि सेना के सम्मान से जुड़ा विषय उनके लिए राजनीति से ऊपर है और इस तरह की टिप्पणियों को स्वीकार नहीं किया जा सकता। युवा मोर्चा ने मंत्री पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रभाव में बयान देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जगत सिंह नेगी को अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए।प्रदर्शन के दौरान युवा मोर्चा नेताओं ने तीखे अंदाज में सरकार और मंत्री को चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि यदि मंत्री ने जल्द माफी नहीं मांगी और इस्तीफा नहीं दिया तो युवा मोर्चा उनके आवास का घेराव करेगा। नेताओं ने कहा कि वे सेना के सम्मान से जुड़े मुद्दे पर अपना विरोध आगे भी जारी रखेंगे।
युवा मोर्चा ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि जब भी विपक्ष अपनी बात रखने के लिए प्रदर्शन करता है, पुलिस को आगे कर विरोध दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज करवाना नागरिकों और राजनीतिक संगठनों का अधिकार है और इसी अधिकार के तहत आज ऊना में प्रदर्शन किया गया।प्रदर्शन के दौरान भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रजत राणा और पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने भी मंत्री के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया रखते हुए विरोध जताया। युवा मोर्चा ने स्पष्ट किया कि जब तक मंत्री अपने बयान पर माफी नहीं मांगते, उनका विरोध जारी रहेगा।

