हमीरपुर,अरविंद-। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा हमीरपुर में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विशेष रूप से तख्त श्री केसगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब से जत्था हमीरपुर पहुंचा। जत्थे के सदस्यों ने गुरुवाणी, शबद कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही और पूरा वातावरण गुरुवाणी के मधुर स्वर से भक्तिमय बना रहा।इस अवसर पर हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा और कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने भी गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका। दोनों नेताओं ने गुरु नानक देव जी के समक्ष शीश नवाया और प्रकाश पर्व की संगत को शुभकामनाएं दीं।गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं केवल किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता को प्रेम, समानता, एकता और भाईचारे का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व को लेकर पिछले कई दिनों से लगातार पाठ का आयोजन किया जा रहा था। इसके साथ ही कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु महाराज की शिक्षाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व के अवसर पर अटूट लंगर भी लगाया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। उन्होंने सभी से गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने की अपील की।
वहीं, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि हमीरपुर में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम सराहनीय हैं। उन्होंने आयोजन के लिए गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के पदाधिकारियों और सदस्यों का आभार व्यक्त किया।गौरतलब है कि गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश देकर समाज को सच्चाई, मेहनत, सेवा और समानता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

