मंडी : धर्मवीर -मडी जिला के लडभड़ोल तहसील क्षेत्र में रंगड़ों और जंगली मधुमक्खियों के हमले कम होने की बजाय आए दिन बढ़ते ही जा रहे हैं। बता दें पिछले 4 दिनों के भीतर करीब दो दर्जन लोगों पर हमला कर रंगडो और मधुमक्खी द्वारा घायल किया जा चुका है। ताजा घटनाक्रम में सोमवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत पंजालग के गांव धुरस में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर रंगड़ो द्वारा हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव धुरस निवासी आशा देवी 65 वर्षीय हर रोज की तरह सोमवार को अपने पशुओं को चारा लाने पास लगते जंगल में घास काट रही थी तो उसी दौरान उन पर अचानक रंगडो के झुंड ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। रंगड़ो द्वारा घायल की गई अधेड महिला आशा देवी को परिजनों द्वारा उपचार के लिए लडभड़ोल के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें भर्ती कर उपचार किया गया। अस्पताल की एमओ डॉक्टर आदिति अवस्थी ने बताया कि रंगड़ो ने अधेड़ महिला के सिर, बाजुओं पीठ सहित शरीर में कई हिस्सों से काट कर घायल किया है। उन्होंने बताया कि महिला फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है।
बता दें कि बीते शुक्रवार को लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऊटपुर के गांव ओच में जंगली मधुमक्खियों ने 20 लोगों पर अचानक हमला कर दिया था। यह सभी लोग ओच गांव के साथ लगते कोटलू में मुंडन संस्कार के लिए शामिल होने के लिए गए हुए थे। उसी दौरान जंगली मधुमक्खियों के एक झुंड ने इन लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। इन सभी लोगों ने मधुमक्खियों से भाग कर अपनी जान बचाई थी। वहीं इससे पूर्व भी जोगिंदर नगर क्षेत्र में मनरेगा के कार्य में लगे 8 ग्रामीणों को भी रंगड़ों ने अपना शिकार बनाया था। इनमें से एक युवक को रंगड़ो ने 100 से ज्यादा डंक लगाए थे। जिसे बाद में जोगिंदर नगर से मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया था।
