बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- बेसहारा बैल के हमले से उपमंडल घुमारवीं की ग्राम पंचायत कोटलु ब्रह्मणा के गांव डुन कि एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान विद्या देवी पत्नी स्वर्गीय परस राम उम्र 80 वर्ष के रूप में हुई है। महिला बेहद ही गरीब परिवार से संबंध रखती थी, महिला की मौत से क्षेत्र में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में बेसहारा बैल लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। बताया जा रहा है कि विद्या देवी सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अपने घर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान वहां पर पहले से मौजूद बैल ने उस पर हमला कर दिया। बैल के हमले से विद्या देवी बुरी तरह से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत वृद्ध महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश की , लेकिन तब तक विद्या देवी की मौत हो चुकी थी । घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे घुमारवीं अस्पताल लाया जहां पर उसका पोस्टमार्टम करवाया गया।
बेसहारा पशुओं के आतंक से परेशान लोग
घटना की जानकारी मिलती ही जिलाधीश बिलासपुर द्वारा एसडीएम घुमारवीं राजीव ठाकुर को तुरंत बैल को किसी गौ सदन में शिफ्ट करने के आदेश जारी कर दिए। प्रगति समाज सेवा समिति के संस्थापक सुनील कुमार व अन्य ग्रामीणों की सहायता से पकड़कर बेसहारा बैल को गौ सदन भेजा गया। वही स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका पूरा क्षेत्र बेसहारा पशुओं के आतंक से परेशान है और बेसहारा पशु आए दिन लोगों को घायल कर रहे हैं ।लोगों का कहना है कि उन्होंने समस्या से प्रशासन को अवगत करवाया है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ ।जिस कारण आज एक वृद्ध औरत को अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी।
बैल को पकड़कर गौ सदन में भेजा
उप मंडलीय अधिकारी घुमारवीं राजीव ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की तरफ से मृतक महिला के परिवार वालों को 20 हजार रुपये की राशि अंतरिम राहत के रूप में प्रदान की गई है ।इसके अलावा बैल को पकड़कर उसे गौ सदन में भेज दिया गया है। इसके अलावा लोगों ने क्षेत्र में एक और हिंसक बैल की जानकारी दी है लेकिन अभी तक वह बैल मिल नहीं पाया है जल्द ही उसे भी पकड़कर गौ सदन भेज दिया जाएगा।
