बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- शक्तिपीठ श्री नैना देवी में पूर्णिमा के दिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए । पंजाब , हिमाचल , हरियाणा , दिल्ली और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालुओं का जमावड़ा माता के दरबार में लगा रहा और सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था । हालांकि सुबह 4 बजे से ही माताजी के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए थे और दोपहर की आरती के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ फ्लाईओवर को पार करते हुए तीन नंबर सेक्टर तक पहुंच गई ।
मंदिर के बाहर होमगार्ड के जवानों ने भीड़ पर नियंत्रण कायम रखा तो मंदिर न्यास के अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं को लंबी-लंबी लाइनों में दर्शन के लिए भेजा गया। जिससे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पर भी नियंत्रण बना रहा और श्रद्धालुओं को माता के दर्शनों के लिए कोई परेशानी न हो सके । मंदिर के निकासी द्वार के बाहर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं के द्वारा भंडारों का आयोजन भी किया गया। जिसमें चाय पानी श्रद्धालुओं को परोसा गया और श्रद्धालुओं ने इसका भरपूर आनंद उठाया।
