अरविंदर सिंह,हमीरपुर: कांग्रेस पार्टी सभी वर्गों का ख्याल रखते हुए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 4 सालों में पटरी पर लाएगी और सभी वायदों को पूरा किया जाएगा। यह बात हमीरपुर के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को आए हुए विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से मुलाकात करने और जन समस्याओं को सुनने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर से कांग्रेस पर अर्थव्यवस्था को लेकर की जा रही बयानबाजी पर पलटवार करते हुए भाजपा पर करोड़ों रुपए की देनदारी छोड़कर जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अभी एक गारंटी को पूरा किया है और आने वाले समय में बाकी बची 9 गारंटीयों को भी पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने साढ़े 7 हजार करोड़ का कर्ज लिया हैं। वहीं कर्मचारियों और पेंशनरों को छठे वेतन आयोग के तहत देनदारियां भी नहीं दी हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की ओर से ओपीएस के मुद्दे पर अड़ाए जा रहे रोड़ो पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की कैबिनेट ने ओपीएस को मंजूरी देते समय सभी विकल्पों पर चर्चा कर ली हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास प्रदेश के कर्मचारियों का साढे 8 हजार करोड़ रुपया जमा पड़ा हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल को मिलने वाले कर्ज में अड़ंगा फ़साने की कोशिश की जा रही हैं, लेकिन सरकार अपने फ़ैसले तो पूरा करेगी।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रोपवे बनाने पर की जाएगी चर्चा
हमीरपुर के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रोपवे की मांग को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार सभी योजनाओं पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रही हैं। आगामी समय में इस पर चर्चा की जाएगी।
