धर्मशाला | हिमाचल प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग के तहत आगामी रविवार, 22 जून को JOIT परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। इस परीक्षा के लिए धर्मशाला में सात शैक्षणिक संस्थानों को परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है, जिनमें डिग्री कॉलेज से लेकर सरकारी स्कूलों तक को शामिल किया गया है। इन केंद्रों पर धर्मशाला और कांगड़ा क्षेत्र के लगभग 1810 परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। परीक्षा दो चरणों में आयोजित होगी — पहला पेपर सुबह 11 बजे से 12 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक होगा।
ADM कांगड़ा शिल्पी वेक्टा ने परीक्षाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यह परीक्षाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनमें पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होगी। प्रशासन की ओर से पहले ही व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हर परीक्षा केंद्र पर प्रशासनिक अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं और रिहर्सल भी करवाई जा चुकी है।
शिल्पी वेक्टा ने बताया कि नकल रोकने वाले कर्मचारियों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी और उन पर विजिलेंस का विशेष ध्यान रहेगा, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता से कोई समझौता न हो। उन्होंने परीक्षार्थियों से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट को ध्यान में रखते हुए सभी छात्र समय से पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें। साथ ही, किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या संदिग्ध वस्तु को साथ लाने से बचें, जिससे परीक्षा केंद्र पर उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
