नाहन : देवेंद्र कुमार – नाहन शहर में कार्मेल स्कूल के समीप देर रात अवैध तरीके से शराब ले जा रहा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध शराब की सप्लाई की जा रही थी । खास बात यह है कि ट्रक में बेहद शातिराना तरीके से एक केबिन बनाया गया था, जिसमें शराब की तस्करी की जा रही थी । ट्रक दुर्घटनागस्त होने के कारण कई घण्टों तक नेशनल हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित रही।
बरामद की गई शराब में औद्योगिक क्षेत्र काला आम की एक कंपनी का मार्का लगा हुआ है, जहां पर इस शराब को तैयार किया गया है । डीएसपी हेडक्वार्टर मीनाक्षी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यहां पर यातायात को बहाल करवाया । नाहन पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है, बताया जा रहा है कि ट्रक दुर्घटना ग्रस्त होने के बाद यहां से ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। डीएसपी हेड क्वार्टर मीनाक्षी ने बताया कि पुलिस इस मामले की गहनता से जाँच कर रही है ।
मामला दर्ज कर जाँच में जुटी पुलिस
इस बारे में शराब फैक्ट्री के मालिक विजय राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी से जो शराब बरामद हुई है, वह शराब उनकी फैक्ट्री में तैयार की गई है । मगर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में उनकी फैक्ट्री से शराब कि कोई लोडिंग नही हुई है। उन्होंने कहा कि एक अन्य गाड़ी देर शाम फेक्ट्री से चंबा के लिए शराब लेकर रवाना हुई थी, जिसके तमाम कागजात व कंपनी के भीतर व बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज मौजूद है । उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में फेक्ट्री द्वारा हर सहयोग किया जा रहा है ।
