शिमला, 16 अगस्त-: लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ग्रहणेश्वर मेला कमेटी देवठी, शिलाघुंड द्वारा आयोजित रिहाली मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों का भी स्वागत किया गया।समारोह को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष दो से तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। इनमें स्थानीय लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों, लोक कलाकारों, जनप्रतिनिधियों और देवता कमेटियों के प्रतिनिधियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रहती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्रवासियों से सड़क और प्रशासन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी मिली है। उन्होंने विभिन्न विभागों के डिविजन अलग-अलग प्रशासनिक क्षेत्रों में होने से लोगों को पेश आ रही दिक्कतों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करवाने तथा मुख्यमंत्री के समक्ष मामला उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर जनसुविधाओं के लिए सुव्यवस्थित प्रशासनिक ढांचा जरूरी है।उन्होंने बताया कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण पर लगभग 130 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। करीब 10 करोड़ रुपये की लागत वाली बागड़ी लिंक रोड की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। करगोली नाला-चंबल सड़क पर 10 करोड़, कुठार-कनौरी सड़क पर 9.5 करोड़ तथा बासाधार-ज्ञानकोट सड़क पर 9.7 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। छैला-सैंज-नेरी पूल-यशवंत नगर सड़क के लिए 239 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है। 10 बीघा से अधिक भूमि दान करने वाले व्यक्ति के नाम पर सड़क का नामकरण किया जाएगा।मंत्री ने स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने हर ठोडा दल को 10-10 हजार रुपये तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्कूली छात्रों को भी प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।इस अवसर पर मेला कमेटी पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
