चंबा ,मंजुर पठान-:चंबा जिला के तीसा विकासखंड में केंद्र सरकार की बीबीजी राम योजना को ग्रामीण स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी कार्यालय तीसा में आयोजित कार्यशाला में विकासखंड की 53 पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंचों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को योजना के तहत करवाए जा सकने वाले विभिन्न विकास कार्यों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा सकता है। पंचायत प्रतिनिधियों से योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू करने का आह्वान किया गया, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों को इसका लाभ मिल सके और गांवों में विकास कार्यों को गति मिले।
खंड विकास अधिकारी तीसा गोपाल ठाकुर ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को बीबीजी राम योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाना था। उन्होंने कहा कि योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण कार्य करवाए जा सकते हैं, जिससे गांवों की तस्वीर और तकदीर बदलने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से योजना का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारने की अपील की।
