ऊना,राकेश-: स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभक्ति के जज्बे से ऊना शहर सराबोर नजर आया। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से ऊना में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवा मोर्चा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया।भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा इंदिरा स्टेडियम से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई शहीदी स्मारक पहुंची। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और तिरंगा हमारी शान है जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। देशभक्ति गीतों और लहराते तिरंगों ने माहौल को पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
इस मौके पर विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान के बाद हासिल हुई है। देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीरों को राष्ट्र हमेशा सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करता रहेगा।सत्ती ने कहा कि तिरंगा यात्रा का मकसद नई पीढ़ी सहित आम लोगों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आजादी का महत्व तभी समझा जा सकता है, जब हम उन वीरों के संघर्ष और बलिदान को याद रखें, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
यात्रा के समापन पर शहीदी स्मारक पहुंचकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया।विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि 15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराएं और राष्ट्र की एकता, अखंडता व सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करें।
