केलांग (सचिन शर्मा): विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश में चुनावों की तैयारियां शुरू हो गई है। मतदाता सूचियों को बनाने के साथ ही मतदाताओं के पंजीकरण के लिए भी अभियान चल रहे है। इसी के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सुमित खिमटा ने कोई मतदाता न छूटे के संकल्प के साथ युवाओं, महिलाओं के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग लेकर सभी पात्र मतदाताओं के पंजीकरण का लक्ष्य प्राप्त करने पर बल दिया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों को संबंधित मतदान केंद्र के तहत पंजीकरण से छूट गए पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए जागरूक करने पर विषेष प्रयास करने को कहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कोई योग्य नागरिक अब भी अपना वोट बनाने से वंचित रह गया हो तो वह अपने बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचन रजिस्ट्रेषन अधिकारी एवं एसडीएम, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कार्यालय में फार्म नंबर 6 भरकर वोट बनवा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा फार्म संख्या 7 व 8 का भी समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाया जाए।
उन्होंनेे बताया कि यदि कोई मतदाता किसी कारणवष घर से बाहर है तो वह गूगल प्ले स्टोर से वोटर हेल्पलाइन एप डाउनलोड करके या भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट में राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल में जाकर फार्म-6 भर कर अपना नाम ऑनलाइन भी दर्ज कर सकते है। उन्होंने सभी से आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत इस अंतिम अवसर का लाभ उठाने और निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया है। इस अवसर पर निर्वाचन रजिस्ट्रेषन अधिकारी एवं एसडीएम प्रिया नागटा, तहसीलदार निर्वाचन मोहिंदर सिंह, कानूनगो चन्द्रकांत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे
