मंडी, धर्मवीर -: सुंदरनगर के 16 वर्षीय आरव ठाकुर ने एक बार फिर मॉडलिंग के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए मिस्टर एंड मिस नॉर्दन इंडियन सुपरस्टार के फर्स्ट रनरअप के खिताब को अपने नाम कर लिया है। बीते दिनों चंडीगढ़ में संपन्न हुए इस कंपीटिशन में उत्तरी भारत सहित देश भर से आए प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाए। आरव ने विभिन्न राउंड में अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनरअप के खिताब पर कब्जा जमा लिया। इससे पहले आरव ने मिस्टर एंड मिस हिल्स किंग एंड क्वीन 2026 में थर्ड रनरअप की पोजिशन हासिल की थी। आरव मिस्टर एंड मिस नॉर्दन के सेमीफाइनल में भी भाग ले चुका है। आरव ने बताया कि उन्हें मॉडलिंग में आगे बढ़ने की प्रेरणा अपने बड़े भाई से मिल रही है और इसमें परिवार की तरफ से भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
आरव डीएवी स्कूल सुंदरनगर से प्लस टू की पढ़ाई कर रहा है। उसे फुटबाल, मार्शल आर्ट और लैक्रोस का भी शौक है। आरव की हाईट 6 फीट की है। इतनी छोटी सी उम्र में आरव अभी तक फुटबाल और मार्शल आर्ट का नेशनल भी खेल चुका है। मार्शल आर्ट में ब्रांज मेडल भी जीत चुका है। आरव ने बताया कि भविष्य में उनका लक्ष्य मिस्टर इंडिया सुपर नेशनल के खिताब को जीतना है।बता दें कि आरव ठाकुर के पिता राजेश ठाकुर सुंदरनगर के एक प्रसिद्ध फोटोग्राफर और माता मंजू ठाकुर गृहणी हैं।
