अरविंदर सिंह, हमीरपुर: सुजानपुर कॉलेज में छात्रों को मूलभूत सुविधाएं न मिलने के विरोध में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने कॉलेज परिसर में धरना प्रदर्शन किया। अपने धरना प्रदर्शन के माध्यम से एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष अपनी मांगे रखी और उन मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने का आग्रह भी कॉलेज प्रशासन से किया है।
विद्यार्थी परिषद की ओर से कॉलेज में कॉमर्स ब्लॉक की इमारत की मरम्मत करवाने के साथ ही साइंस ब्लॉक और कॉमर्स ब्लॉक में शौचालय की मरम्मत और सुधार करवाने की मांग को कॉलेज प्रशासन के समक्ष उठाया गया। इसके साथ ही एबीवीपी ने महाविद्यालय के पुस्तकालय में प्रोफेशनल कोर्स जैसे बीबीए,बीसीए और अन्य कोर्स से जुड़ी जो किताबें उपलब्ध नहीं है उन्हें जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने की मांग की है। वहीं साइंस ब्लॉक में महिला शौचालय एवं कैंटीन के बीच दीवार लगाने के साथ ही गर्ल्स कॉमन रूम में बैठने की व्यवस्था करने की मांग विद्यार्थी परिषद की ओर से उठाई गई है।
इकाई अध्यक्ष सौरभ धीमान ने बताया कि विद्यार्थी परिषद विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है ओर समय-समय पर विद्यार्थी परिषद ने छात्रों की मांगों को लेकर सकारात्मक रूप से कार्य महाविद्यालय परिसर में किया है । आज भी इसी कड़ी में विद्यार्थी परिषद ने सुजानपुर महाविद्यालय में धरना प्रदर्शन किया जिसमें करीबन 70 से 80 कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
इकाई उपाध्यक्ष राहुल ठाकुर ने कहा की यदि जल्द ही विद्यार्थी परिषद की मांगों को पूरा न किया गया तो विद्यार्थी परिषद और भी उग्र प्रदर्शन करेगी । इस कड़ी में प्रखर,सुशांत जमवाल,साहिल, रंकिता,ईशा,चिराग,मोहित,प्रिया,पीयूष, सलोनी, आंचल,आकांक्षा ,अरुण,परिवेश, अंकित व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे ।।
