मंडी,धर्मवीर-: फीस बढ़ोतरी और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की मंडी इकाई ने बुधवार को कॉलेज परिसर में अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने जमीन पर लेटकर ‘शव प्रदर्शन’ किया और विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से अर्थी का रूप धारण कर विश्वविद्यालय प्रशासन की नीतियों को ‘मृत’ दर्शाया। ABVP का कहना है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। परिषद ने इस बढ़ोतरी को अनुचित बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
ABVP मंडी इकाई अध्यक्ष करण धामी ने कहा कि संगठन की प्रमुख मांगों में फीस बढ़ोतरी को वापस लेना और लंबे समय से बंद छात्र संघ चुनावों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत दोबारा शुरू करना शामिल है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और विद्यार्थियों के हितों का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना चाहिए।करण धामी ने आरोप लगाया कि मांगों को लेकर सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसी के विरोध में परिषद ने कॉलेजों के गेट पर तालाबंदी कर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है।ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। परिषद का कहना है कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े इन मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
