सोलन (योगेश शर्मा): कोरोना वायरस और मंकीपॉक्स के बाद देश में टोमैटो फीवर अपने पैर पसार रहा है। इसको लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी चिंता जताई है। हिमाचल प्रदेश में भी इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट जारी कर दिया गया है। टमाटर बुखार के लक्षणों में तेज बुखार, मांसपेशियों में दर्द, थकान, धड़कन बढ़ना, जोड़ों में दर्द, खुजली, उल्टी, डिहाइड्रेशन, दस्त आदि शामिल हैं। वहीं सोलन शहर में भी एक निजी स्कूल में दो बच्चे जिनकी उम्र पांच व सात साल है वो दोनों सन्दिग्ध पाए गए है,जिनमे हल्का बुखार सिम्टम्स के तौर पर पाया गया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमित रंजन ने बताया कि लगातार जिले में टोमैटो फीवर को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। इसी कड़ी में सोलन शहर में दो सन्दिग्ध मामले सामने आए है जिन्हें स्वास्थ्य विभाग ने 10 दिनों के लिए आइसोलेट कर दिया है। उन्होंने कहा कि टमाटर बुखार या टमाटर फ्लू को हाथ, पैर और मुंह की बीमारी (एचएफएमडी) का एक प्रकार माना जाता है। इसे टमाटर का बुखार इसलिए कहा जाता है क्योंकि इस रोग में रोगी के शरीर पर टमाटर के आकार और रंग के छाले पड़ जाते हैं।
