राहुल चावला,बैजनाथ: विश्वविख्यात बीड़ बिलिंग घाटी में बुधवार से एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप की शुरुवात हो चुकी हैं। इस प्री-वर्ल्ड कप का शुभारंभ एचपीटीडीसी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) आरएस बाली ने किया। इस मौके पर उनके साथ सीपीएस एवं बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल भी मौजूद रहे। बीड़ बिलिंग पहुंचने से पहले आरएस बाली का बैजनाथ में जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने आरएस बाली को फूल माला पहना कर जमकर नारेबाजी की।
बीड बिलिंग में आयोजित हुए पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप में 10 देशों से 103 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं, जिनमें 13 महिला प्रतिभागी शामिल हैं। इस एक्युरेसी प्री-वर्ल्ड कप में आर्मी के जवानों ने भी भाग लिया हैं।यह प्री वर्ल्ड कप 4 दिन तक यह समापन समारोह में 9 अप्रैल को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि होंगे। समारोह के दौरान शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इस दौरान ऐरो और फ्लावर शो भी होंगे। प्रतियोगिता के दौरान बीड़-बिलिंग घाटी नो फ्लाइंग जोन हैं।
एचपीटीडीसी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) आरएस बाली ने कहा कि बीड़-बिलिंग में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन इलाके, प्रदेश और देश के लिये गौरव की बात हैं। उन्होंने कहा कि बिलिंग घाटी पैराग्लाइडिंग के लिए अपनी विशेषताओं के चलते दुनियाभर की सर्वक्षेष्ठ जगहों में आंकी जाती हैं। उन्होंने बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन को भव्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की बधाई दी और सफलता पूर्वक आयोजन के लिए सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने एसोसिएशन को बिलिंग में पैराग्लाइडिंग के वर्ल्ड कप के आयोजन के लिए भी सभी मापदंड पूरे करने के प्रयास करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा की एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री-वर्ल्ड कप 2023 कैटगरी-दो में कुल 142 प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण करवाया हैं। आज प्रतियोगिता में 103 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में भारत सहित अमेरिका, नेपाल स्पेन और नीदरलैंड के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 95 पुरुष जिसमें 74 भारतीय और 21 विदेशी प्रतिभागी शामिल हैं, जबकि महिलाओं में 8 प्रतिभागी हैं जिसमें पांच भारतीय और 3 प्रतिभागी विदेशी हैं। प्रतियोगिता में भारतीय सेना के 10 नौ सेना से एक, वायु सेना के एक ओर पैरामिलिट्री फोर्स के 5 प्रतिभागी भी भाग ले रहे हैं।
