अरविंदर सिंह, हमीरपुर: हमीरपुर की अदालत में
एक आरोपी शुक्रवार को पुलिस चकमा दे कर कोर्ट की दीवार फांद कर वहां से फ़रार हो गया। उक्त आरोपी को चोरी के मामले में हमीरपुर की अदालत में केस करने के लिए लाया गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को अदालत में पेश कर दिया गया था। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए थे लेकिन आरोपी पानी पीने के बहाने कोर्ट परिसर की दीवार को फांद कर भाग गया।
मामला सामने आने के बाद हमीरपुर पुलिस की टीम ने जिला की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे साथ लगते चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अब अन्य धाराएं भी जोड़ दी हैं।
जानकारी के मुताबिक विशाल उर्फ सरदारों निवासी पक्का भरो के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। सदर थाना हमीरपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को हमीरपुर अदालत में पेश किया। आरोपी के खिलाफ साल 2018 में चोरी का एक मुकदमा दर्ज किया गया था। सदर थाना में यह मुकदमा दर्ज था। मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। शुक्रवार दोपहर बाद जैसे आरोपी को अदालत में पेश किया गया तो कोर्ट परिसर से बाहर निकलने से पूर्व ही वह पानी पीने के बहाने वाटर कूलर की तरफ गया और यहां से दीवार फांद कर भाग गया।
आरोपी को अदालत में पेश करने के लिए सदर थाना हमीरपुर के दो कर्मचारी पहुंचे थे। इसमें एक पुलिस कर्मचारी जबकि एक होमगार्ड जवान शामिल थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी विशाल के खिलाफ 2018 में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी था और उसे शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया। उन्होंने कहा कि पानी पीने के लिए यह वाटर कूलर की तरफ गया और यहां से भाग गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने 1 घंटे के भीतर चौकी क्षेत्र से फरार आरोपी को पकड़ने में कामयाबी हासिल कर ली है और अब उसके खिलाफ अन्य धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।
