Bilaspur, Subhash-:बिलासपुर जिला के घुमारवीं में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यातायात प्रबंधन तक विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है।
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री घुमारवीं में आयोजित अखिल भारतीय पेंशनर दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध पहले ही सुनिश्चित कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
एसपी संदीप धवल ने बताया कि कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था की गई है, ताकि वाहनों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस को भी अलग-अलग प्वाइंट्स पर तैनात किया गया है, जिससे जाम की स्थिति न बने और लोगों को आसानी हो।सुरक्षा के लिहाज से बॉम स्क्वॉड की दो विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो कार्यक्रम स्थल सहित आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार जांच और निगरानी करेंगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिस कर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
एसपी ने बताया कि मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान घुमारवीं में नए पुलिस थाना भवन का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही पुलिस आवास कॉलोनी की आधारशिला भी रखी जाएगी। इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को लेकर पुलिस विभाग की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जाएगी।
