Una,Rakesh-:उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बीटन में नवनिर्मित श्री सतगुरु लाल दास ब्रह्मानंद भूरीवाले गरीबदासी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। लगभग 3.69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे अस्पताल में सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। लोकार्पण अवसर पर श्री सतगुरु चेतनानंद महाराज भूरीवाले जी की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।उपमुख्यमंत्री ने उद्घाटन के उपरांत स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि आम जनता की सुविधा के लिए स्वास्थ्य केंद्र में शीघ्र एक्स-रे मशीन स्थापित की जाए, ताकि मरीजों को जांच के लिए दूर न जाना पड़े और समय पर उपचार सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाना उनका प्रमुख उद्देश्य है।उन्होंने विश्वास जताया कि यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एक मजबूत आधार बनेगा और क्षेत्र के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
