Mandi, Dharamveer-:विद्या भारती द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम की कड़ी में सरकाघाट क्षेत्र के रखोटा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर प्रांगण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सात शक्तियों को उजागर करना, नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और युवा पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना रहा।
समारोह में प्रेस क्लब मंडी की उपाध्यक्ष मोनिका ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता समाजसेविका एवं पूर्व प्रधानाचार्य प्रेम कुमारी ठाकुर तथा राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सोमा राणा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भदरोता और सरकाघाट क्षेत्र के करीब 40 महिला मंडलों ने भाग लेकर नारी शक्ति की एकजुटता का प्रभावशाली संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, प्रेरणादायी महिलाओं के संदेश, विशिष्ट माताओं का सम्मान, स्वयं सहायता समूहों द्वारा घर में निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी और स्कूली बच्चों की संस्कृति एवं विज्ञान पर आधारित प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा नन्हे-मुंहे बच्चों ने देश की महान विभूतियों की वेशभूषा में फैंसी ड्रेस प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
मुख्य वक्ता प्रेम कुमारी ठाकुर ने महिलाओं की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज की नींव रखती है। उन्होंने आधुनिक दौर में बच्चों को सनातन संस्कार देने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं सोमा राणा ने महिलाओं की सात शक्तियों—कृतज्ञता, साहस, करुणा, धैर्य, सृजन, सेवा और नेतृत्व—पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए महिलाओं को इन गुणों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।मु
ख्य अतिथि मोनिका ठाकुर ने अपने जीवन संघर्षों को साझा करते हुए महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों और उनसे पार पाने के रास्तों पर प्रेरणादायी संबोधन दिया, जिसे उपस्थित महिलाओं ने खूब सराहा।
इस अवसर पर पत्रकार विनीता ठाकुर और सरकाघाट पतंजलि योग समिति की अध्यक्षा चंपा ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर रखोटा की प्रधानाचार्या पूजा ठाकुर, सप्तशक्ति संगम प्रभारी शीतला ठाकुर, ग्राम पंचायत खाहन की प्रधान मीना ठाकुर, पंचायत चहलोग की प्रधान विजया ठाकुर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की नारी शक्ति उपस्थित रही।
