बीबीएन : जगत सिंह -हिम परिवेश संस्था की राज्य स्तरीय बैठक नालागढ़ के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की गई । बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह ठाकुर द्वारा की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला नालागढ़ में फैक्ट्री द्वारा जल वायु प्रदूषण और अवैध खनन के मुद्दे को लेकर चर्चा की गई । संस्था के पदाधिकारियों द्वारा स्थानीय प्रशासन पर भी गंभीर आरोप लगाए गए कि बार बार शिकायतें देने के बाद भी प्रशासन ने अवैध खनन माफिया पर नकेल नहीं कसी है ।जिसके चलते क्षेत्र की नदियों का जलस्तर 20 फीट तक नीचे जा चुका है।
हिम परिवेश संस्था के प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मी सिंह ठाकुर ने कहा है कि अवैध खनन के कारण क्षेत्र के जितने भी जल स्त्रोत है, उन पर असर पड़ा है ।क्षेत्र की नदियों का सीना दिनदहाड़े जेसीबी मशीनें लगाकर छलनी किया जाता है लेकिन उन पर अभी तक कार्रवाई प्रशासन द्वारा नहीं की गई है । उन्होंने प्रशासन और सरकार को चेतावनी देकर कहा है कि अगर जल्द ही अवैध खनन माफिया पर नकेल नहीं कसी गई तो वह आने वाले दिनों में हाईकोर्ट व एनजीटी का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे । जिसकी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी।
