कुल्लू : मनमिंन्द्र अरोड़ा -जिला कुल्लू की हर पंचायत तक पहुंचने के लिए जहां जिला परिषद कुल्लू के द्वारा कुल्लूत अभियान चलाया गया है। तो वही पंचायतों में लोगों की समस्याओं का भी समाधान किया जा रहा है। इसी कड़ी में महाराजा कोठी के दोहरा नाला में एक बुजुर्ग का घर भी रोशन हुआ है।जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार ने भारी बारिश के बीच बुजुर्ग के छोटे से घर में सोलर लाइट लगाई है ताकि रात के समय बुजुर्ग अंधेरे में ना रह सके।
भारी बारिश में लगाई सोलर लाइट
दोहरानाला का रहने वाला बुजुर्ग बहादुर सिंह अपने घर में अकेला रह रहा था और जमीन ना होने के चलते वह अपने घर में बिजली का मीटर भी नहीं लगा पाया था। इससे पहले बुजुर्ग अपने रिश्तेदारों के घर भी रह चुका है। लेकिन अब करीब 20 सालों से वह अपने एक छोटे से लकड़ी के मकान में रह रहा था। बुजुर्ग की आर्थिक हालत सही नहीं थी। जिस कारण वह अपने घर में बिजली का मीटर लगाने के लिए दस्तावेज की प्रक्रिया को पूरा नहीं कर पाया। ऐसे में जिला परिषद सदस्य गुलाबचंद के द्वारा बहादुर सिंह को ढालपुर लाया गया और जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार ने बुजुर्ग की समस्या को सुना। वही, समस्या के समाधान के लिए जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार भारी बारिश में चलकर बुजुर्ग के घर पहुंचे और वहां पर अब एक सोलर लाइट स्थापित कर दी गई है।
जिला परिषद कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार ने बताया कि वह कुल्लूत अभियान के तहत हर घर से जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं और जो भी समस्याएं ग्रामीणों को पेश आ रही है। उसका भी समाधान किया जा रहा है। बुजुर्ग के घर पर लाइट की बड़ी समस्या थी। ऐसे में अब यहां पर एक सोलर लाइट स्थापित कर दी गई है और आने वाले समय में बुजुर्ग बहादुर सिंह की अन्य तरीके से भी मदद की जाएगी।
बुजुर्ग बहादुर सिंह ने जिला परिषद अध्यक्ष का जताया आभार
वही बुजुर्ग बहादुर सिंह ने जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से अब उन्हें रात में अंधेरे का सामना नहीं करना होगा। उन्हें उम्मीद है कि जिला परिषद के माध्यम से उन्हें अन्य प्रकार से भी मदद उपलब्ध करवाई जाएगी। ताकि बुढ़ापे में उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत ना उठानी पड़े।
