सोलन/योगेश शर्मा: सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी परिवर्तन प्रतिज्ञा रैली में हिमाचल की जनता को सम्बोधित करने वाली है। करीब 12 बजे प्रियंका गांधी सोलन पहुंचेगी। सबसे पहले प्रियंका गांधी सोलन शहर की अधिष्ठात्री देवी माता शूलिनी के दर्शन करने के लिए मन्दिर जाएगी। वहां से आशीर्वाद लेने के बाद में रैली स्थल पर पहुंचेगी। रैलियों का जायजा लेने के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ देर शाम कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला भी सोलन पहुंच गए है।
इस दौरान शुक्ला ने कहा कि देवभूमि की पावन भूमि से गांधी परिवार का एक अलग रिश्ता रहा है ऐसे में प्रियंका गांधी कल होने वाली रैली से पहले माता शूलिनी के दर्शन करेगी। शुक्ला ने कहा कि उसके बाद रैली स्थल पर आकर वे जनता को सम्बोधित करेगी। शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को बेहतर सहयोग देश की जनता से मिल रहा है ऐसे में भाजपा नेताओं में बौखलाहट देखी जा रही है।
शुक्ला ने कहा कि प्रियंका गांधी के बाद कांग्रेस के कई बड़े नेता भी चूनावी प्रचार के लिए आएंगे जैसे ही आचारसहिंता लगती है तो कांग्रेस पूरी तरह स्व हिमाचल में जुट जाएगी। शुक्ला ने पीएम मोदी के हिमाचल दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर जयराम सरकार ने हिमाचल में पांच साल कुछ किया होता तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस तरह लगातार हिमाचल के दौरे न करने पड़ते। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के पास जयराम सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड पहुंच चुका है ऐसे में भाजपा पुरी तरह से घबरा चुकी है।
