भावना, शिमला: हिमाचल विधानसभा चुनावों के लिए 15 अक्तूबर को कांग्रेस पहली उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है। कांग्रेस की 15 अक्टूबर को दिल्ली में शाम चार बजे केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आयोजित होगी। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्षा सोनिया गांधी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में टिकटों पर मंथन किया जाएगा। केंद्रीय चुनाव समिति की यह दूसरी बैठक है। इससे पहले सितंबर महीने में पहली बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें 40 सीटों पर टिकटें लगभग तय कर दी थी। इनमें कुछेक सीटों पर विवाद पड़ गया है, जहां पर सिंगल नाम थे वहां पर पैनल बनाकर इसे दोबारा चर्चा के लिए केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में रखा जाएगा।
बैठक में विवादित सीटों पर नए सिरे से चर्चा की जाएगी। इसमें सर्वे रिपोर्ट को भी देखा जाएगा। इसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सात अक्तूबर को दिल्ली में कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई थी जिसमें कुछ सीटों पर पैनेल तैयार किया गया है और अब अंतिम निर्णय केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिया जाएगा और कांग्रेस इस दिन ही पहली सूची भी जारी कर सकती है।
