ऊना,राकेश-:कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कोलका के समीप मंगलवार रात हुई तेज बारिश के बाद पहाड़ी का एक हिस्सा दरक गया, जिससे भारी मात्रा में मलबा थाना कलां-भाखड़ा सड़क पर आ गिरा। मलबा गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई और बुधवार सुबह से ही वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सड़क बंद होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।सुबह काम पर जाने वाले कर्मचारी, छात्र और अन्य दैनिक यात्री समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। सड़क पर कीचड़ और दलदल बनने के कारण कई लोगों को पैदल सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर पहाड़ी दरकने के कारण सड़क कई दिनों तक बंद रही थी, जिससे क्षेत्र का संपर्क प्रभावित हुआ था।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक वर्ष बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग ने इस स्थान पर स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए। उनका कहना है कि अस्थायी मरम्मत के भरोसे सड़क को छोड़ दिया गया, जिसका परिणाम एक बार फिर बारिश के साथ सामने आ गया। लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि प्रभावित सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पहाड़ी की सुरक्षा एवं सड़क की स्थायी मरम्मत के प्रभावी उपाय किए जाएं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आगामी मानसून के दौरान यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
