राहुल चावला, धर्मशाला: हाल ही में जिला कांगड़ा के बड़ा भंगाल में फंसे हुए लोगों को एयरलिफ्ट करने वाले टीम के सदस्यों को 15 अगस्त को जिला कांगड़ा प्रशासन सम्मानित करेगा। यह बात गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला कांगड़ा के उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने कही। उन्होंने कहा कि जुलाई के आखरी सप्ताह में जिला प्रशासन को सूचना मिली की बड़ा भंगाल में पशुओं में लंपी वायरस फैल गया है और इस वायरस के कारण कई पशु मर भी गए हैं। उन्होंने कहा की इस वायरस को रोकने के लिए व पशुओं के उपचार के लिए चार सदस्य टीम को बड़ा भंगाल के लिए रवाना किया गया।
उपायुक्त ने कहा की यह टीम एक अगस्त को धर्मशाला से बड़ा भंगाल के लिए रवाना हुए और चार अगस्त को यह टीम बड़ा भंगाल पहुंची और लगभग तीन दिनों तक इस टीम ने वायरस से ग्रस्त पशुओं का उपचार किया। उन्होंने कहा की 8 अगस्त को जिला कांगड़ा प्रशासन को सूचना मिली की इस टीम में शामिल डॉक्टर के पैर में चोट लगी है और बाकी टीम के सदस्यों में भी बुखार के लक्षण देखने के मिल रहे हैं। इसी के साथ प्रशासन को यह भी सूचना मिली की बड़ा भंगाल में एक पुली का काम कर रही व्यक्ति को भी गिरने के कारण टांग में चोट लगी हैं। उन्होंने कहा की इसके बाद जिला प्रशासन ने इंडियन एयरफोर्स से संपर्क किया और एयरफोर्स ने अपने दो चीता हेलीकॉप्टर भेजें और पिछले कल करीब साढ़े दस बजे कांगड़ा हवाई अड्डे पर उतरे और करीब साढ़े ग्यारह बजे हेलीकॉप्टर बड़ा भंगाल के लिए रवाना हुए।
डीसी ने कहा की एयरफोर्स के हेलीकॉप्टरों ने बड़ा भंगाल में सफल लैंडिंग की और बड़ा भंगाल में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचाया गया। उन्होंने कहा की कांगड़ा हवाई अड्डे से एंबुलेंस के माध्यम से टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां पर सभी पांच लोगों का इलाज चल रहा है और डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक सभी लोग अब खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा की इस मौके पर जिला कांगड़ा के सीएमओ भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे निपुण जिंदल ने कहा कि आगामी 15 अगस्त को इस एयरलिफ्ट में शामिल टीम के सदस्यों को जिला कांगड़ा प्रशासन की ओर से सम्मानित करने का फ़ैसला लिया गया हैं।
